यूपीएससी आईएएस प्रारंभिक परीक्षा के लिए 17 फरवरी 2023 की दैनिक समसामयिकी: हम आपके लिए ‘यूपीएससी आईएएस प्रारंभिक परीक्षा के लिए दैनिक समसामयिकी’ लेकर आए हैं, जो यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के उम्मीदवारों को सिविल सेवाओं के लिए सर्वाधिक महत्वपूर्ण दैनिक समसामयिकी के साथ अपडेट करने के सिद्धांत पर आधारित है। गुणवत्ता से समझौता किए बिना यूपीएससी उम्मीदवारों के कीमती समय को बचाने के लिए ये दैनिक समसामयिकी हमारी टीम द्वारा बिट फॉर्म / संक्षिप्त रूप में तैयार किए गए हैं। यूपीएससी आईएएस प्रारंभिक परीक्षा के लिए आज, 17 फरवरी 2023 के दैनिक समसामयिकी में हम नीचे दिए गए टॉपिक्स को कवर कर रहे हैं।
अंतर्राष्ट्रीय अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी मेला 2023
अंतर्राष्ट्रीय अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी मेला चर्चा में क्यों है?
हाल ही में, भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली में अंतर्राष्ट्रीय अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी मेला (इंटरनेशनल इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी फेयर/IETF) 2023 का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष, आईईटीएफ कार्यक्रम न केवल इंजीनियरिंग एवं विनिर्माण क्षेत्र में भारत की विकास गाथा का उत्सव है, बल्कि उन्नत प्रौद्योगिकियों में विश्व में सर्वश्रेष्ठ के साथ देश के सहयोग का प्रमाण भी है।
अंतर्राष्ट्रीय अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी मेला क्या है?
अंतर्राष्ट्रीय अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी मेला (इंटरनेशनल इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी फेयर/आईईटीएफ) क्रेता-विक्रेता बैठक, अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों एवं सेमिनारों, व्यापार नेटवर्किंग, प्रौद्योगिकी आकलन, रणनीतिक साझेदारी, विक्रेता विकास के लिए एक मंच है।
- अंतर्राष्ट्रीय अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी मेले में दुनिया भर के आगंतुक भाग लेते हैं। आगंतुकों की श्रेणियों में मुख्य कार्यकारी अधिकारी (चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर/सीईओ), निर्णयकर्ता, तकनीकी विशेषज्ञ, सोर्सिंग कर्मी, राजनयिक, व्यापार एवं सरकारी प्रतिनिधिमंडल एवं मीडिया शामिल हैं।
- अंतर्राष्ट्रीय अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी मेले का आयोजन भारतीय उद्योग परिसंघ (कनफेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री/CII) द्वारा किया जाता है।
इकोनॉमिक टाइम्स वैश्विक व्यापार सम्मेलन
वैश्विक व्यापार सम्मेलन (ग्लोबल बिजनेस समिट) 2023 चर्चा में क्यों है?
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 17 फरवरी को दिल्ली के होटल ताज पैलेस में इकोनॉमिक टाइम्स वैश्विक व्यापार सम्मेलन को संबोधित किया।
वैश्विक व्यापार सम्मेलन/ग्लोबल बिजनेस समिट 2023
द ग्लोबल बिजनेस समिट की मेजबानी प्रत्येक वर्ष द टाइम्स ग्रुप द्वारा की जाती है।
- अधिदेश: ग्लोबल बिजनेस समिट विचारकों, नीति निर्माताओं, शिक्षाविदों एवं कॉर्पोरेट प्रमुखों को प्रमुख आर्थिक चुनौतियों का समाधान प्रदान करने के लिए एक साझा मंच पर लाएगा।
- प्रतिभागी: ग्लोबल बिजनेस समिट में 200 से अधिक व्यापार नेतृत्वकर्ता 40 सत्रों में बोलेंगे।
- थीम: वैश्विक व्यापार शिखर सम्मेलन 2023 की थीम “लचीलापन। प्रभाव। प्रभुत्व” (रेसिलियंस, इन्फ्लुएंस, डोमिनेंस) है।
- अवधि: दो दिवसीय शिखर सम्मेलन 17-18 फरवरी को आयोजित किया जा रहा है।
आदि महोत्सव 2023
आदि महोत्सव 2023 चर्चा में क्यों है?
हाल ही में, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में आदि महोत्सव, मेगा राष्ट्रीय जनजातीय महोत्सव का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव के दौरान आदि महोत्सव भारत की जनजातीय (आदिवासी) विरासत की भव्य तस्वीर प्रस्तुत कर रहा है।
आदि महोत्सव 2023
आदि महोत्सव राष्ट्रीय मंच पर जनजातीय (आदिवासी) संस्कृति को प्रदर्शित करने का एक प्रयास है एवं यह आदिवासी संस्कृति, शिल्प, व्यंजन, वाणिज्य तथा पारंपरिक कला की भावना का उत्सव मनाता है।
- आदि महोत्सव जनजातीय मामलों के मंत्रालय के तहत जनजातीय सहकारी विपणन विकास संघ लिमिटेड (ट्राइबल कोऑपरेटिव मार्केटिंग डेवलपमेंट फेडरेशन लिमिटेड/TRIFED) की एक वार्षिक पहल है।
- आदि महोत्सव 27 फरवरी, 2023 तक ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम, नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा।
- महत्व: आदि महोत्सव आदिवासी कारीगरों, शिल्पकारों एवं महिलाओं को बड़े मेट्रो शहरों तथा राज्यों की राजधानियों में बाजार से सीधे जोड़ता है।
- थीम: इस वर्ष के आदि महोत्सव कार्यक्रम को “शिल्प, संस्कृति, व्यंजन एवं वाणिज्य का उत्सव“ (ए सेलिब्रेशन ऑफ क्राफ्ट्स,कल्चर, क्यूज़ीन एंड कॉमर्स) की थीम पर आयोजित किया गया है।
- समय सारणी एवं स्थान: इस वर्ष आदि महोत्सव का आयोजन 16 से 27 फरवरी तक दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में किया जा रहा है.
धर्म गार्जियन युद्धाभ्यास 2023
धर्म गार्जियन युद्धाभ्यास 2023 चर्चा में क्यों है?
17 फरवरी से 02 मार्च 2023 तक जापान के शिगा प्रांत के कैंप इमाजू में भारत एवं जापान के मध्य संयुक्त सैन्य अभ्यास “एक्सरसाइज धर्म गार्जियन” आयोजित किया जा रहा है।
धर्म गार्जियन युद्धाभ्यास 2023
विभिन्न देशों के साथ भारत द्वारा किए गए सैन्य प्रशिक्षण अभ्यासों की श्रृंखला में, धर्म गार्जियन युद्धाभ्यास वर्तमान वैश्विक स्थिति की पृष्ठभूमि में दोनों देशों द्वारा सामना की जाने वाली सुरक्षा चुनौतियों के संदर्भ में निर्णायक एवं महत्वपूर्ण है। इस अभ्यास के दायरे में वन तथा अर्ध शहरी/शहरी इलाकों में संचालन पर प्लाटून स्तर का संयुक्त प्रशिक्षण शामिल है।
- धर्म गार्जियन एक्सरसाइज 2023 भारत एवं जापान के मध्य आयोजित एक वार्षिक प्रशिक्षण कार्यक्रम है।
- भारतीय सेना की गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंट के सैनिक एवं जापान ग्राउंड सेल्फ डिफेंस फोर्स (JGSDF) की मध्य सेना की एक इन्फैंट्री रेजिमेंट योजना एवं क्रियान्वयन में अंतर-संचालनीयता बढ़ाने के लिए संचालन के दौरान प्राप्त अनुभवों को साझा करने के लिए इस वर्ष अभ्यास में भाग ले रहे हैं।
- भारतीय सेना की टुकड़ी 12 फरवरी 2023 को अभ्यास स्थल पर पहुंची जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
धर्म गार्जियन युद्धाभ्यास 2023 का महत्व
संयुक्त अभ्यास दोनों सेनाओं के मध्य अंतर-संचालनीयता, मिलनसारिता, सौहार्द तथा मित्रता विकसित करने के अतिरिक्त, संयुक्त राष्ट्र अधिदेश के तहत सामरिक संचालन करने की रणनीति, तकनीक एवं प्रक्रियाओं में सर्वोत्तम व्यवहार को साझा करने में दोनों सेनाओं को सक्षम करेगा।
- संयुक्त धर्म गार्जियन अभ्यास दोनों सेनाओं को एक-दूसरे को बेहतर तरीके से जानने, अपने व्यापक अनुभव साझा करने एवं स्थितिजन्य जागरूकता में वृद्धि करने में सहायता करेगा।
- “एक्सरसाइज धर्म गार्जियन” भारतीय सेना एवं जापानी ग्राउंड सेल्फ डिफेंस फोर्सेज के मध्य रक्षा सहयोग के स्तर को और बढ़ाएगा, दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाएगा।
प्रायः पूछे जाने वाले प्रश्न
प्रश्न. धर्म गार्जियन युद्धाभ्यास 2023 क्या है?
उत्तर. धर्म गार्जियन युद्धाभ्यास 2023 भारत एवं जापान के मध्य आयोजित एक वार्षिक संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम है।
प्रश्न. आदि महोत्सव 2023 क्या है?
उत्तर. आदि महोत्सव राष्ट्रीय मंच पर जनजातीय (आदिवासी) संस्कृति को प्रदर्शित करने का एक प्रयास है एवं यह आदिवासी संस्कृति, शिल्प, व्यंजन, वाणिज्य तथा पारंपरिक कला की भावना का उत्सव मनाता है।
प्रश्न. आदि महोत्सव 2023 का संचालन कौन करता है?
उत्तर. आदि महोत्सव जनजातीय मामलों के मंत्रालय के तहत जनजातीय सहकारी विपणन विकास संघ लिमिटेड (ट्राइबल कोऑपरेटिव मार्केटिंग डेवलपमेंट फेडरेशन लिमिटेड/TRIFED) की एक वार्षिक पहल है।